मां वैष्णवी दरबार में एक जून से बहेगी भक्ति की गंगा, रामकथा व भागवत कथा का होगा आयोजन

सशक्त न्यूज नेटवर्क
डलमऊ (रायबरेली)। मुंशीगंज क्षेत्र के कैलाशपुर स्थित मां वैष्णवी दरबार में एक जून से धार्मिक आयोजनों की भव्य शुरुआत होने जा रही है। यहां श्रीराम कथा, श्रीमद्भागवत कथा, रामलीला और विशाल भंडारे सहित कई आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयोजन की तैयारियों को लेकर शनिवार को एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई, जिसमें कार्यक्रम की रूपरेखा और व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में डलमऊ बड़ा मठ के महामंडलेश्वर स्वामी देवेंद्रानंद गिरि ने बताया कि एक जून से आरंभ होने वाली श्रीराम कथा से पूर्व भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। इस यात्रा में क्षेत्र की 500 से अधिक महिलाएं पीत वस्त्र धारण कर श्रद्धा और उत्साह के साथ शामिल होंगी। कलश यात्रा मां वैष्णवी दरबार से प्रारंभ होकर विभिन्न मार्गों से होते हुए पुनः मंदिर परिसर में पहुंचेगी। धार्मिक जयघोष और भजन-कीर्तन के बीच निकाली जाने वाली यह यात्रा श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनेगी।

उन्होंने बताया कि एक जून से प्रसिद्ध कथा वाचक आचार्य प्रद्युम्न महाराज श्रद्धालुओं को श्रीराम कथा का रसपान कराएंगे। कथा के दौरान भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन, मर्यादा और धर्म के संदेशों का विस्तार से वर्णन किया जाएगा। वहीं कथा के उपरांत प्रतिदिन रात्रि में रामलीला का मंचन भी किया जाएगा, जिससे श्रद्धालु धार्मिक प्रसंगों का सजीव दर्शन कर सकेंगे।

आठ जून से श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ होगा। कथा वाचक अजय शास्त्री भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं, भक्ति, ज्ञान और वैराग्य से जुड़े प्रसंगों का वर्णन करेंगे। आयोजकों के अनुसार कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ऊर्जा और धार्मिक संस्कारों का लाभ मिलेगा।

धार्मिक अनुष्ठानों की श्रृंखला का समापन 15 जून को विशाल भंडारे के साथ होगा। इस अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं के प्रसाद ग्रहण करने की संभावना जताई जा रही है। आयोजन समिति ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर धर्म लाभ प्राप्त करने की अपील की है।

बैठक में राजेश शुक्ल, विकास सिंह, सौरभ अग्निहोत्री, स्वामी दिव्यानंद गिरि और स्वामी राम चैतन्य गिरि सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने आयोजन को सफल बनाने के लिए अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।

More From Author

You May Also Like