70 वर्षीय राजाराम मौर्य ने पाली भाषा में हाईस्कूल पास कर सबको चौंकाया

सशक्त न्यूज नेटवर्क
रायबरेली। सीखने की कोई उम्र नहीं होती, इस कहावत को रायबरेली के 70 वर्षीय राजाराम मौर्य ने सच कर दिखाया है। उन्होंने हाल ही में घोषित यूपी बोर्ड परीक्षा परिणाम में पाली भाषा विषय से हाईस्कूल परीक्षा उत्तीर्ण की है। इस उपलब्धि ने उन्हें युवाओं और बुजुर्गों दोनों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना दिया है।

उच्च शिक्षित होने के बावजूद, राजाराम मौर्य के मन में अपने इतिहास, संस्कृति और पूर्वजों के बारे में जानने की गहरी इच्छा थी। उन्होंने बताया कि उनके पूर्वज सम्राट चंद्रगुप्त मौर्य और सम्राट अशोक मौर्य के शिलालेख पाली भाषा में अंकित हैं। उन शिलालेखों में क्या लिखा है, इसे स्वयं पढ़ने और समझने की जिज्ञासा ने उन्हें इस उम्र में फिर से छात्र बनने के लिए प्रेरित किया। इसी ऐतिहासिक और भावनात्मक जुड़ाव के कारण उन्होंने पाली भाषा को अध्ययन का विषय चुना। मौर्य ने कहा, “ज्ञान प्राप्त करने की कोई सीमा नहीं होती। यदि मन में सीखने की लगन हो, तो उम्र कभी बाधा नहीं बनती।” यही सोच उन्हें दोबारा विद्यालयी शिक्षा की ओर ले गई। उन्होंने 5 मार्च 1981 को पंजाब नेशनल बैंक में क्लर्क कम कैशियर के रूप में सेवा शुरू की थी। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने रायबरेली सहित कई शहरों में जिम्मेदारियां निभाईं। 31 दिसंबर 2016 को वे पंजाब नेशनल बैंक के स्टाफ ट्रेनिंग सेंटर, लखनऊ से सेवानिवृत्त हुए।

पाली भाषा से जुड़ाव
राजाराम मौर्य ने बताया कि उनके पूर्वज सम्राट चंद्रगुप्त मौर्य और सम्राट अशोक मौर्य के शिलालेख पाली भाषा में हैं। इन शिलालेखों को स्वयं पढ़ने और समझने की इच्छा ने उन्हें प्रेरित किया। उन्होंने पूरे समर्पण के साथ हाईस्कूल की परीक्षा दी। मौर्य ने कहा कि सीखने की लगन हो तो उम्र बाधा नहीं बनती। इसी सोच के साथ उन्होंने दोबारा विद्यालयी शिक्षा की ओर रुख किया।

परिवार और प्रेरणा का संदेश
राजाराम मौर्य का परिवार भी शिक्षा के प्रति पूरी तरह समर्पित है। उनकी पत्नी अंजू बाला ने बच्चों को उच्च शिक्षा दिलाई और समाज में प्रतिष्ठित स्थान दिलाया। उनकी तीन बेटियां प्रधानाध्यापिका और अध्यापिका हैं, जबकि बेटा सीनियर इंजीनियर है। यह उपलब्धि समाज को एक मजबूत संदेश देती है कि शिक्षा किसी जाति, धर्म या उम्र की मोहताज नहीं है। यदि व्यक्ति के भीतर सीखने की सच्ची इच्छा हो, तो वह जीवन के किसी भी पड़ाव पर नई शुरुआत कर सकता है।

More From Author

You May Also Like