राजकीय संप्रेक्षण गृह में बंद किशोर ने पी लिया थिनर, मची अफरातफरी
सशक्त न्यूज नेटवर्क
रायबरेली। चोरी के मामले में राजकीय संप्रेक्षण गृह में बंद 15 वर्षीय किशोर ने शनिवार दोपहर को थिनर पी लिया। इससे उसकी हालत बिगड़ गई। इस घटना से हड़कंप मच गया। किशोर को जिला अस्पताल लाया गया, जहां से हालत गंभीर होनेे पर उसे एम्स रेफर कर दिया गया।
खास बात यह है कि इस पूरे मामले को जिम्मेदार विभाग छिपाता रहा। किसी तरह मामले को रफा दफा करने की कोशिश की गई। इस घटना ने राजकीय संप्रेक्षण ग्रह की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस पूरे घटनाक्रम की कड़ी पांच फरवरी की रात से जुड़ी हुई है।
इसका वीडियो भी सामने आया है।
असल में संप्रेक्षण ग्रह की सुरक्षा में लगे होमगार्डों की लापरवाही और अनदेखी से किशोर बंदी रात में मुख्य गेट को फांदकर भाग गया था। इसके बाद सुरक्षा में तैनात होमगार्ड ज्ञानेंद्र शुक्ला और ब्रजेश यादव के खिलाफ कार्रवाई की गई और दोनों को निलंबित कर दिया गया। हालांकि यह कार्रवाई सामने नहीं आई।
वहीं छह फरवरी को प्रबोशन विभाग ने पुलिस की मदद से किशोर को कानपुर देहात से बरामद कर लिया। इसके बाद किशोर बंदी को वहां से संप्रेक्षण ग्रह लाया गया, जहां शनिवार की शाम को किशोर ने थिनर पी लिया। इससे वह बेहोश हो गया। गंभीर हालत में उसेे जिला अस्पताल लाया गया, जहां एएमओ डॉ. रोशन पटेल ने प्राथमिक इलाज के बाद हालत गंभीर होने पर किशोर को एम्स रेफर कर दिया।
एडीएम प्रशासन सिद्धार्थ ने बताया कि मामले में दो होमगार्ड पर कार्रवाई हो चुकी है। यह मामला भी गंभीर है, सुरक्षा में अनदेखी हुई है। इसके लिए प्रोबेशन अधिकारी से रिपोर्ट तलब की जाएगी और जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।