Categories: हादसा

प्रयागराज से स्नान कर लौट रही श्रद्धालुओं से भरी बस पलटी

सशक्त न्यूज नेटवर्क
रामनगर। कोतवाली रामनगर इलाके के महादेवा-भैरमपुर मार्ग पर सोमवार रात प्रयागराज से गंगा स्नान कर लौट रही श्रद्धालुओं से भरी एक बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में एक महिला श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हुई है। जबकि अन्य यात्री सुरक्षित हैं। घायल महिला का निजी अस्पताल में इलाज के बाद उसे घर भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार रामनगर के भैरमपुर से एक निजी बस यूपी 34 टी 8770 आसपास के गांवों से करीब 48 श्रद्धालुओं को लेकर प्रयागराज गंगा स्नान के लिए गई थी। मौनी अमावस्या पर संगम स्नान के बाद श्रद्धालुओं को लेकर बस वापस लौट रही थी।

सोमवार रात करीब 10 बजे महादेवा-भैरमपुर मार्ग पर स्थित सरसवा घाट के पास अचानक बस अनियंत्रित हो गई। इसके चलते वह सड़क के किनारे पलट गई। गनीमत रही की बस गहरी खाई में नहीं गई। इससे बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल बस में सवार भैरमपुर निवासी कांति देवी(40) को गंभीर चोट आई।

हादसे के बाद यात्री बस का शीशा तोड़कर बाहर निकले। वहीं सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने बस सवार सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित घर भेज दिया। कोतवाल अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि बस सवार श्रद्धालुओं में एक महिला घायल हुई थी। जिसे प्राथमिक उपचार के बाद घर भिजवा दिया गया है। अन्य श्रद्धालुओं को मामूली चोटे आई हैं।

More From Author

You May Also Like