खनन की शिकायत के बावजूद नहीं हो रही सुनवाई, रतजगा कर रहे ग्रामीण
खनन अधिकारी व तहसील प्रशासन से शिकायत के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई
सशक्त न्यूज नेटवर्क
रायबरेली। घुरवारा में मिट्टी खनन का कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है। दिन ढलते ही मिट्टी खनन करने वाले सक्रिय हो जाते हैं। शिकायतों के बाद भी प्रशासनिक स्तर पर कोई सख्ती नहीं दिख रही है। ग्रामीणों का कहना है कि ट्रैक्टर ट्रालियों की वजह से रात जागकर बीत रही है।
बलीपुर निवासी वीरभान ने बताया कि 24- 25 दिसंबर की रात आरोपियाें ने अवैध तरीके से मिट्टी की खोदाई की गई। रात भर ट्रालियों की वजह से लोग परेशान रहे। सुबह खेत की ओर गए तो पता चला कि खनन करने वालों ने खेत की मेड़ को भी काट लिया। मामले की शिकायत तहसील प्रशासन व जिला खनन अधिकारी से की।
पीड़ित का कहना है कि खनन अधिकारी ने एक घंटे में जांच करने का आश्वासन दिया था, लेकिन नहीं आए। खनन अधिकारी सुरेश लाकड़ा ने बताया कि अवैध मिट्टी खनन की शिकायत मिली है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।