इंडो–नेपाल सीमा पर नेपाली चरस तस्कर गिरफ्तार
सशक्त न्यूज नेटवर्क
बहराइच जनपद में इंडो–नेपाल सीमा पर मंगलवार को रुपईडीहा पुलिस और एसएसबी ने एक नेपाली तस्कर को 1 किलो 592 ग्राम अवैध चरस के साथ गिरफ्तार किया। बरामद चरस की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में 45 लाख से अधिक बताई जा रही है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने आरोपी को न्यायालय रवाना किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
भारत नेपाल सीमा पर नोमेंसलैंड की निगरानी के लिए थाने के उप निरीक्षक शेखर प्रसाद साहनी तथा एसएसबी इंस्पेक्टर ऋतुराज की संयुक्त टीम सोमवार की रात 11:14 बजे इंडो–नेपाल बॉर्डर के पिलर संख्या 651/01 के पास गश्त पर थी।
उसी समय नेपाल के जाजरकोट जिले के बारेकोट ग्रामीण नगरपालिका वार्ड नंबर आठ निवासी रण वहादुर सिंह सीमा पार कर भारतीय क्षेत्र में आता मिला। उसे रोक कर तलाशी ली गई तो उसके पास से 1 किलो 592 ग्राम अवैध चरस मिली। पकड़े गए नेपाली नागरिक ने बताया कि चरस की यह खेप उसे भारतीय सीमा क्षेत्र में पहुंचाने का जिम्मा मिला था। बरामद चरस को सीज कर आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
प्रभारी निरीक्षक रमेश सिंह रावत ने बताया कि एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि पकड़ी गई चरस की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार के मुताबिक 45 लाख से अधिक है।