अयोध्या। रामनगरी में दीपोत्सव पर एक बार फिर त्रेता युग जीवंत हो गया। पुष्पक विमान रूपी हेलीकॉप्टर से राम, लक्ष्मण, सीता और हनुमान के स्वरूप रामकथा पार्क हेलीपैड पहुंचे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कई मंत्रियों के साथ भगवान के स्वरूपों की अगवानी की।
राम जानकी की वंदना के साथ भरत मिलाप भी हुआ। उनके साथ अन्य मंत्रियों ने माल्यार्पण कर स्वागत किया। इस दौरान राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय के साथ संत, महंत, जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।
हेलीपैड से रथ पर सवार होकर भगवान के स्वरूपों को रामकथा पार्क में श्रीराम राज्याभिषेक समारोह स्थल पर लाया जा रहा है। खुद मुख्यमंत्री और अन्य मंत्री श्रीराम के रथ को खींच कर रामकथा पार्क ला रहे हैं।
दृश्य अदभुत छवि प्रस्तुत कर रहा है। लंका विजय के बाद लौटे राम को देख अयोध्यावासी भावविह्वल हैं। उनके नेत्र भीग गए हैं।