• Sat. Sep 27th, 2025

    Sashakt News

    सच्ची और सशक्त ख़बर

    मकर संक्रांति पर्व पर हजारों श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान कर किया दान-धर्म

    News Desk

    ByNews Desk

    Jan 14, 2025
    मकर संक्रांति पर्व पर हजारों श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान कर किया दान-धर्म

    ऊंचाहार (रायबरेली): कड़ाके की ठंड व घने कोहरे पर श्रृद्धालुओं की आस्था भारी रही। मकर संक्रांति पर्व पर बड़ी संख्या में लोगों ने गोकना समेत अन्य घाटों पर पर पहुंचकर गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। स्नानार्थियों ने पूजा अर्चना कर पुरोहितों को दान दक्षिणा देकर स्वयं व परिजनों समेत लोक कल्याण की कामना की।

    मंगलवार को गोकना समेत गोला, बादशाह पुर व तीर का पुरवा गंगा घाट पर भी घने कोहरे व कड़ाके की ठंड के बीच हजारों श्रद्धालुओं ने पतित पावनी मां गंगा में स्नान किया। भोर से ही गंगा घाट हर हर गंगे व घंटा घड़ियालों की ध्वनि से गुंजायमान रहे। गंगा स्नान को क्षेत्र के अलावा डीह, परसदे पुर, अमेठी, नसीराबाद, जायस, छतोह, सलोन, रोहनिया, जगतपुर आदि स्थानों से बड़ी संख्या में स्नानार्थी घाट पर पहुंचे।

    शीतलहर भरे सर्द मौसम में घने कोहरे के बीच स्नानार्थियों के उत्साह में कमी नहीं आई। गंगा स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने घाट पर हवन पूजन, गंगा आरती कर श्रृद्धानुसार तीर्थ पुरोहितों को यथा शक्ति अन्न, वस्त्र व दृव्य देकर स्वयं समेत कुटुम्ब के सुख समृद्धि व कल्याण की कामना की। मां गंगा गोकर्ण जनकल्याण समिति के सचिव पंडित जितेन्द्र द्विवेदी ने पूर्व संध्या पर गंगा महाआरती व दीपदान कर लोककल्याण की कामना की।