अखिलेश ने परिसीमन पर फूंका चुनावी बिगुल, भाजपा को लेकर कर दी बड़ी भविष्यवाणी
बोले- परिसीमन भाजपा की राजनीति की सबसे बड़ी भूल साबित होगा, संसद के विशेष सत्र से पहले बयान ने बढ़ाई सियासी हलचल
सशक्त न्यूज
नई दिल्ली। लोकसभा सीटों के परिसीमन को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने इस मुद्दे पर भाजपा को निशाने पर लेते हुए बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि परिसीमन भाजपा की राजनीति की सबसे बड़ी भूल साबित होगा। अखिलेश के इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
अखिलेश यादव ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर परिसीमन को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि परिसीमन भाजपा की राजनीति की सबसे बड़ी भूल साबित होगा। उनके इस बयान को आगामी राजनीतिक रणनीति और परिसीमन के मुद्दे पर सपा के विरोध के तौर पर देखा जा रहा है।
दरअसल, लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाने और परिसीमन की प्रक्रिया को लेकर केंद्र सरकार की पहल के बाद विपक्षी दलों ने सवाल उठाए हैं। विपक्ष की चिंता है कि परिसीमन के जरिए राज्यों के बीच राजनीतिक प्रतिनिधित्व का संतुलन प्रभावित हो सकता है। वहीं, महिला आरक्षण को लागू करने की प्रक्रिया को भी इस मुद्दे से जोड़कर देखा जा रहा है।
समाजवादी पार्टी पहले भी महिला आरक्षण का समर्थन करते हुए परिसीमन की प्रक्रिया पर सवाल उठा चुकी है। अखिलेश यादव का ताजा बयान बताता है कि पार्टी इस मुद्दे को लेकर केंद्र सरकार को घेरने की तैयारी में है। संसद के विशेष सत्र से पहले आए इस बयान ने परिसीमन को लेकर सियासी बहस को और गरमा दिया है।

