सीटों की खींचतान पर खरगे का सख्त संदेश, बोले- अहंकार छोड़िए, वरना भाजपा को मिलेगा फायदा
क्रासर : सपा-कांग्रेस गठबंधन में बढ़ती तल्खी के बीच कांग्रेस अध्यक्ष ने नेताओं को दी नसीहत, इमरान मसूद का नाम लेकर कहा- बातों से ज्यादा संगठन के लिए करें काम
सशक्त न्यूज नेटवर्क
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर बढ़ती खींचतान के बीच कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पार्टी नेताओं को सख्त नसीहत दी है। उन्होंने नेताओं से अहंकार छोड़कर गठबंधन को मजबूत करने और आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होकर काम करने की अपील की। खरगे ने साफ कहा कि भाजपा को हराना है तो गठबंधन के सभी दलों को मिलकर आगे बढ़ना होगा। आपसी लड़ाई और अंदरूनी कलह जीत की राह में सबसे बड़ी बाधा बन सकती है।
संविधान दिवस पर बृहस्पतिवार को लखनऊ स्थित कांग्रेस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में खरगे ने सहारनपुर के सांसद इमरान मसूद का नाम लेकर भी उन्हें नसीहत दी। उन्होंने कहा कि इमरान मसूद टेलीविजन पर पार्टी का पक्ष मजबूती से रखते हैं और उनकी बातें अक्सर सुनने को मिलती हैं, लेकिन केवल बोलने से काम नहीं चलेगा। संगठन के लिए मिलकर काम करना ज्यादा जरूरी है। जितना अधिक हम साथ मिलकर काम करेंगे, उतनी ही आगे बढ़ेंगे।
खरगे ने गठबंधन के सहयोगियों के साथ तालमेल बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि किसी को अहंकार नहीं दिखाना चाहिए। चाहे अपनी पार्टी हो या गठबंधन का कोई दूसरा दल, सभी को मिलकर काम करना होगा। हमारा लक्ष्य भाजपा को हराना और केंद्र में मोदी सरकार तथा उत्तर प्रदेश में योगी सरकार को सत्ता से हटाना है।
उन्होंने पार्टी नेताओं को अंदरूनी मतभेदों के प्रति आगाह करते हुए कहा कि बाहर के विरोधियों को हम जानते हैं, लेकिन अंदर का दुश्मन कौन है, यह हमेशा पता नहीं चलता। यदि कोई हमारी जीत मुश्किल कर सकता है तो वह आपसी विवाद और अंदरूनी कलह है। ऐसे में सभी नेताओं को सतर्क रहकर एकजुटता के साथ चुनावी लड़ाई लड़नी होगी।
दरअसल, सपा और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर तल्खी उस समय बढ़ गई, जब सपा ने बातचीत के बीच ही विधानसभा चुनाव के लिए पांच प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने इस पर नाराजगी जताते हुए सवाल उठाया था कि कांग्रेस गठबंधन की सहयोगी है या फिर सपा की सेवक। सीटों को लेकर जारी इस बयानबाजी के बीच खरगे की नसीहत को कांग्रेस नेताओं के साथ गठबंधन के सहयोगियों के लिए भी अहम संदेश माना जा रहा है।

