लोकसभा का बदलेगा सियासी गणित! 50 प्रतिशत बढ़ेंगी सीटें, 2051 तक कायम रहेगी व्यवस्था
मोदी कैबिनेट ने प्रस्ताव को दी मंजूरी, 543 से बढ़कर 850 तक हो सकती है लोकसभा की सदस्य संख्या; महिला आरक्षण लागू करने की दिशा में बड़ा कदम
सशक्त न्यूज
नई दिल्ली। केंद्र की मोदी सरकार ने लोकसभा की सीटों को लेकर बड़ा फैसला लिया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में लोकसभा की सीटों में 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई। इस व्यवस्था के तहत सभी राज्यों में मौजूदा सीटों के अनुपात में वृद्धि की जाएगी। खास बात यह है कि राज्यों के बीच सीटों का मौजूदा अनुपात वर्ष 2051 तक बनाए रखने का प्रस्ताव है।
प्रस्ताव के मुताबिक, लोकसभा की सदस्य संख्या मौजूदा 543 से बढ़कर 850 तक हो सकती है। सीटों में बढ़ोतरी से संसद में राज्यों का प्रतिनिधित्व भी बढ़ेगा। सरकार के इस फैसले को महिला आरक्षण लागू करने और परिसीमन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
दरअसल, केंद्र सरकार लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की तैयारी में जुटी है। इसके लिए परिसीमन से जुड़े प्रावधानों में संशोधन की जरूरत है। इससे पहले महिला आरक्षण से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक लोकसभा में आवश्यक बहुमत हासिल नहीं कर सका था। अब सरकार नए प्रस्ताव के साथ इस दिशा में आगे बढ़ रही है।
दक्षिण भारतीय राज्यों को भी मिलेगी राहत
सीटों में समान अनुपात से बढ़ोतरी के फैसले का एक अहम पहलू दक्षिण भारतीय राज्यों से जुड़ा है। इन राज्यों को आशंका थी कि जनसंख्या के आधार पर परिसीमन होने से लोकसभा में उनकी हिस्सेदारी घट सकती है। नए प्रस्ताव में मौजूदा अनुपात को 2051 तक बनाए रखने की व्यवस्था से इस चिंता को दूर करने का प्रयास किया गया है।
कैबिनेट की मंजूरी के बाद अब प्रस्ताव को संसद की मंजूरी मिलना बाकी है। यदि यह व्यवस्था लागू होती है तो देश की संसदीय राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। साथ ही लोकसभा में महिला प्रतिनिधित्व बढ़ाने का रास्ता भी साफ हो सकता है।

