दिवाली पर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, जिले की 19 सीएचसी में तैयार हुए बर्न वार्ड, डॉक्टरों की छुट्टियां रद्द
चार-चार बेड किए गए आरक्षित, दवाओं का पर्याप्त इंतजाम; आपातकालीन सेवाएं दुरुस्त रखने के निर्देश
रायबरेली। दिवाली पर आग से झुलसने और अन्य आपातकालीन घटनाओं की आशंका को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट हो गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की वीडियो कांफ्रेंसिंग के बाद बुधवार सुबह जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर तैयारियां तेज कर दी गईं। जिले की सभी 19 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) में चार-चार बेड के बर्न वार्ड तैयार करा दिए गए हैं। वहीं, सीएमओ डॉ. मनोज शुक्ला ने चिकित्सकों से लेकर पैरामेडिकल स्टॉफ तक के सभी प्रकार के अवकाश अग्रिम आदेशों तक निरस्त कर दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान दिवाली पर किसी भी अप्रिय घटना से निपटने और लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल तैयारियां शुरू कर दीं। सीएमओ का आदेश जारी होते ही सभी सीएचसी में बर्न वार्ड तैयार कराए गए। इन वार्डों में आवश्यक दवाओं और उपचार संबंधी सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।
बछरावां सीएचसी में अधीक्षक डॉ. अर्पिता श्रीवास्तव और जगतपुर सीएचसी में अधीक्षक डॉ. एलपी सोनकर ने स्वयं मौजूद रहकर बर्न वार्ड की तैयारियां पूरी कराईं। अन्य सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर भी व्यवस्थाएं दुरुस्त कराई गई हैं।
सीएमओ ने स्वास्थ्य विभाग के प्रशासनिक अधिकारियों, चिकित्सकों और पैरामेडिकल कर्मियों के सभी तरह के अवकाश तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिए हैं। साथ ही स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि बिना अनुमति कोई भी स्वास्थ्यकर्मी मुख्यालय नहीं छोड़ेगा। आपातकालीन सेवाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए सभी सीएचसी अधीक्षकों को रोजाना तैयारियों और व्यवस्थाओं की रिपोर्ट देने को कहा गया है।
दिवाली के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी के लिए सभी एसीएमओ को भी अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए हैं। नोडल अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर दी गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में मरीजों को तत्काल उपचार मिल सके।

