35 बोगियों से लटक रही थीं रस्सियां, दो पहिए जाम होने पर दो घंटे खड़ी रही मालगाड़ी
रायबरेली। स्टेशन पर मंगलवार को मालगाड़ी की जांच के दौरान बड़ी लापरवाही सामने आई। 58 बोगियों वाली मालगाड़ी की 35 बोगियों से रस्सियां नीचे लटक रही थीं। वहीं चार बोगियों की पल्लियां भी नीचे की ओर लटकी मिलीं। इनमें से दो बोगियों के पहिए पल्लियां फंसने के कारण जाम हो गए। खामियां मिलने के बाद मालगाड़ी को करीब दो घंटे तक रोककर तकनीकी जांच और मरम्मत की गई।
प्रतापगढ़ की ओर से कुंदनगंज जा रही मालगाड़ी के स्टेशन पहुंचने पर कर्मचारियों ने बोगियों की स्थिति देखी। नीचे लटकती रस्सियों और पल्लियों को देखकर अधिकारियों को सूचना दी गई। इसके बाद कैरिज एवं वैगन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
जांच के दौरान दो बोगियों के पहिए जाम मिले। कर्मचारियों ने पहियों में फंसी पल्लियों को हटाया और अन्य तकनीकी खामियों को दुरुस्त किया। इसके अलावा लटक रही रस्सियों को भी व्यवस्थित किया गया। पूरी मालगाड़ी की दोबारा जांच के बाद ही उसे आगे रवाना किया गया।
रेलवे कर्मियों की सतर्कता से संभावित हादसा टल गया। चलती ट्रेन में नीचे लटक रही रस्सियां और पल्लियां पहियों या पटरी में फंस सकती थीं। ऐसे में गंभीर दुर्घटना की आशंका थी। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद मालगाड़ी को कुंदनगंज के लिए रवाना कर दिया गया।

