सशक्त न्यूज नेटवर्क
लालगंज। संगठन के प्रदेश महासचिव एवं बेलहनी ग्राम प्रधान/प्रशासक अखिलेश यादव को उनके सामाजिक सरोकारों और जनहित में किए जा रहे कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह में वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अनुराग पटेल ने अखिलेश यादव को सम्मान प्रदान किया। इस अवसर पर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विवेक चंद्र अवस्थी और प्रदेश अध्यक्ष मनु यादव भी मौजूद रहे।
समारोह में वक्ताओं ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विकास में ग्राम प्रधानों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। गांव की मूलभूत समस्याओं का निराकरण कराने के साथ ही सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है। अखिलेश यादव की ओर से क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें आगे भी इसी तरह जनसेवा के लिए सक्रिय रहने के लिए प्रेरित किया गया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद अखिलेश यादव ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए गौरव की बात है। उन्होंने संगठन के पदाधिकारियों और सम्मानित अतिथियों के प्रति आभार जताया। कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर कराने और गांव के विकास को गति देने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान संगठन के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

