सशक्त न्यूज नेटवर्क
रायबरेली: जनपदीय पुलिस स्थापना बोर्ड की बैठक में लिए गए निर्णय के बाद जिले में बड़े स्तर पर पुलिसकर्मियों के तबादले किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने 99 उपनिरीक्षक, महिला उपनिरीक्षक, मुख्य आरक्षी और आरक्षियों को जनहित में तत्काल प्रभाव से वर्तमान तैनाती स्थल से हटाकर नई जिम्मेदारी सौंपी है। तबादला सूची में डलमऊ, सरेनी, मिलएरिया, गुरुबक्शगंज, महराजगंज, लालगंज, गदागंज, खीरो, ऊंचाहार और नसीराबाद समेत कई थाने शामिल हैं।
आदेश के अनुसार संबंधित पुलिसकर्मियों को नई तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। सूची में कई पुलिसकर्मियों को थानों से पुलिस लाइन, कार्यालयों और विभिन्न इकाइयों में भेजा गया है, जबकि पुलिस लाइन में तैनात कर्मियों को थानों और अन्य शाखाओं में जिम्मेदारी दी गई है।
डलमऊ में भी बदली गई तैनाती
तबादला सूची में डलमऊ से जुड़े कई पुलिसकर्मियों को भी नई जिम्मेदारी मिली है। उपनिरीक्षक दिलीप कुमार मौर्य को डलमऊ से गोपनीय कार्यालय भेजा गया है। वहीं महिला उपनिरीक्षक मुकेश राठी को डलमऊ से महिला थाना और महिला उपनिरीक्षक प्रिया शर्मा को डलमऊ से पुलिस लाइन भेजा गया है। इसके अलावा कई पुलिसकर्मियों को डलमऊ थाने में नई तैनाती दी गई है।
पुलिस लाइन से भी कई कर्मियों को थानों में भेजा
आदेश में पुलिस लाइन में तैनात बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को विभिन्न थानों और शाखाओं में भेजा गया है। इनमें डायल-112, महिला थाना, यातायात पुलिस, न्यायालय सुरक्षा, मानवाधिकार सेल, अपराध शाखा और अभियोजन कार्यालय समेत अन्य इकाइयां शामिल हैं।
पुलिस अधीक्षक की ओर से जारी आदेश में सभी संबंधित अधिकारियों को स्थानांतरण का अनुपालन सुनिश्चित कराने और अनुपालन आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश की तारीख 27 सितंबर 2026 है।

