बछरावां से अखिलेश यादव ने संभाली रथ की कमान, जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत; रायबरेली में कार्यकर्ताओं से करेंगे मुलाकात
रायबरेली। विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव गुरुवार को समाजवादी रथ लेकर रायबरेली पहुंचे। लखनऊ से रवाना हुआ रथ जैसे ही बछरावां की सीमा में पहुंचा, सपा कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बना। सड़क किनारे बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुटे और नारेबाजी के बीच रथ का स्वागत किया।
बछरावां के चुरुआ से अखिलेश यादव समाजवादी रथ पर सवार हुए। रथ पर ‘जो पीड़ित, वो पीडीए’ का संदेश प्रमुखता से लिखा गया है। रथ को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है। इसमें समाजवादी विचारधारा से जुड़े प्रमुख नेताओं की तस्वीरें भी लगाई गई हैं।
सड़क किनारे जुटे कार्यकर्ता
अखिलेश यादव के रायबरेली की ओर बढ़ने के साथ ही रास्ते में जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने स्वागत की तैयारी की। कई स्थानों पर कार्यकर्ता हाथों में पार्टी के झंडे लेकर सड़क किनारे खड़े नजर आए। रथ के पहुंचते ही नारेबाजी शुरू हो गई। कार्यकर्ताओं में अखिलेश यादव की एक झलक पाने को लेकर उत्साह रहा।
राहुल लोधी के आवास भी जाएंगे
अखिलेश यादव रायबरेली में हरचंदपुर विधायक राहुल लोधी के आवास भी जाएंगे। यहां वह पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। उनके दौरे को लेकर सपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है।
2027 की तैयारी का दिख रहा असर
अखिलेश यादव के रायबरेली दौरे को विधानसभा चुनाव 2027 से पहले संगठन को सक्रिय करने की कवायद से जोड़कर देखा जा रहा है। समाजवादी पार्टी लगातार पीडीए के मुद्दे को प्रमुखता से उठा रही है। ऐसे में समाजवादी रथ के जरिए कार्यकर्ताओं के बीच पहुंच और जनसंपर्क बढ़ाने का संदेश भी दिया जा रहा है।
अखिलेश के रथ के रायबरेली पहुंचने के साथ ही जिले की सियासी हलचल तेज हो गई है। अब निगाहें उनके संबोधन और कार्यकर्ताओं के साथ होने वाली बैठकों पर टिकी हैं।

