बलरामपुर: कोतवाली नगर क्षेत्र के डिवाइन पब्लिक स्कूल में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब कक्षा-2 में पढ़ने वाली सात वर्षीय छात्रा वैष्णवी तिवारी की अचानक तबीयत बिगड़ गई। पढ़ाई के दौरान छात्रा अचानक कक्षा में गिर पड़ी। आनन-फानन में स्कूल प्रबंधन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि घटना के दौरान स्कूल के आसपास से गणेश विसर्जन का जुलूस गुजर रहा था। जुलूस में तेज आवाज में डीजे बजने की बात भी सामने आई है। छात्रा की मौत को लेकर सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। कुछ लोग इसे हार्ट अटैक से जोड़कर देख रहे हैं, जबकि तेज डीजे की आवाज को मौत की वजह बताए जाने की भी चर्चा है। हालांकि, अभी तक किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही घटना के समय मौजूद शिक्षकों और अन्य लोगों से भी जानकारी जुटा रही है। छात्रा की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम और चिकित्सकीय जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
सात साल की बच्ची की इस तरह अचानक मौत से स्कूल में मातम पसर गया। घटना की खबर मिलते ही परिजन भी जिला अस्पताल पहुंचे। बच्ची की मौत की खबर सुनकर परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, स्कूल के शिक्षक और छात्र भी घटना से स्तब्ध हैं।

