थाने के अंदर भिड़े दो सिपाही, जमकर चले लात-घूंसे; मारपीट का CCTV वीडियो वायरल

सशक्त न्यूज नेटवर्क
बाराबंकी: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले से पुलिस महकमे को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। यहां बड्डूपुर थाने के भीतर ही दो पुलिसकर्मी आपस में भिड़ गए। दोनों के बीच हुई तीखी झड़प का CCTV वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जमीन पर गिराकर पीटा
वायरल CCTV फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि किसी बात को लेकर दो सिपाहियों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। विवाद इतना बढ़ गया कि एक सिपाही ने दूसरे सिपाही को जमीन पर पटक दिया और उस पर जमकर लात-घूंसे बरसाए। थाने के अंदर हुई इस मारपीट से परिसर में हड़कंप मच गया।

बंटवारे को लेकर विवाद की चर्चा
सूत्रों के अनुसार, यह घटना लगभग दो सप्ताह पुरानी बताई जा रही है। चर्चा है कि किसी वसूली या सामान के बंटवारे को लेकर दोनों सिपाहियों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया।

वीडियो के सार्वजनिक होने के बाद से पुलिस विभाग में खलबली मच गई है। हालांकि, इस पूरे मामले में दोषी पुलिसकर्मियों पर विभागीय स्तर पर क्या कार्रवाई की गई है, इसको लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

More From Author

You May Also Like