भूमि विवाद में व्यापारी को स्कॉर्पियो सवार दबंगों ने पीटा, वाहन छोड़कर भागे

सशक्त न्यूज नेटवर्क
​रायबरेली (संवाददाता): भदोखर थाना क्षेत्र के मुंशीगंज चौराहे पर पुरानी रंजिश और भूमि विवाद को लेकर स्कॉर्पियो सवार दबंगों के तांडव का मामला सामने आया है। आरोपियों ने दुकान बंद कर घर लौट रहे एक व्यापारी की जमकर पिटाई कर दी। शोर सुनकर स्थानीय लोगों को एकत्र होते देख आरोपी अपनी गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गए।

​जानकारी के अनुसार, मुंशीगंज निवासी व्यापारी आशुतोष गुप्ता देर शाम अपनी दुकान बंद कर घर जा रहे थे। इसी दौरान मुंशीगंज चौराहे के पास स्कॉर्पियो सवार दबंगों ने उन्हें रोक लिया और पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट शुरू कर दी। व्यापारी के चिल्लाने पर आसपास के लोगों को आता देख आरोपी घबरा गए और अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी मौके पर ही छोड़कर भाग निकले।

​घटना की सूचना मिलते ही भदोखर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दबंगों की स्कॉर्पियो को कब्जे में ले लिया। पुलिस द्वारा वाहन की तलाशी लेने पर उसमें से आयरन रॉड, हॉकी और शराब की बोतलें बरामद होने का दावा किया गया है।

​मामले की जानकारी देते हुए भदोखर थाना पुलिस ने बताया कि पीड़ित व्यापारी की तहरीर के आधार पर घटना की जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी गाड़ी छोड़कर फरार हुए हैं, वाहन संख्या के आधार पर उनकी पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

More From Author

You May Also Like