Categories:
ब्रेकिंग न्यूज़
पं. जगन्नाथ मिश्र ला कॉलेज का हुआ उद्घाटन
सशक्त न्यूज नेटवर्क
डलमऊ। ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को अब कानून की पढ़ाई के लिए दूर-दराज के शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। क्षेत्र में उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुक्रवार को पं. जगन्नाथ मिश्र ला कॉलेज का शुभारंभ किया गया। समाजसेवी राजेंद्र प्रसाद मिश्र ने फीता काटकर ला कालेज का उद्घाटन किया। महाविद्यालय शुरू होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों में खुशी का माहौल है।
उद्घाटन अवसर पर समाजसेवी राजेंद्र प्रसाद मिश्र ने कहा कि ग्रामीण अंचल में उच्च शिक्षण संस्थान की स्थापना क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। अब विद्यार्थियों को कानून की पढ़ाई के लिए दूसरे शहरों में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। स्थानीय स्तर पर शिक्षा की सुविधा उपलब्ध होने से विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावकों को भी काफी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत केवल उन्हें बेहतर शैक्षिक अवसर उपलब्ध कराने की है।
ला कालेज की शुरुआत से आसपास के गांवों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के साथ कानून की पढ़ाई करने का अवसर मिलेगा। इससे विद्यार्थियों के समय और धन की बचत होगी। साथ ही उन्हें प्रतिदिन लंबी दूरी तय कर शिक्षण संस्थानों तक पहुंचने की समस्या से भी निजात मिलेगी। ग्रामीणों ने महाविद्यालय खुलने को क्षेत्र के शैक्षिक विकास की दिशा में अहम कदम बताया।
इस मौके पर कालेज के प्रबंधक अकिंचन मिश्र, मनीष दीक्षित, रामू मिश्र, रमेश कुमार मिश्र, दिनेश कुमार और सुरेश कुमार मिश्र समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने महाविद्यालय प्रबंधन को बधाई देते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।