रायबरेली में औद्योगिक क्षेत्र को मिलेगी रफ्तार

सशक्त न्यूज नेटवर्क
रायबरेली। प्रदेश सरकार के बुधवार को जारी बजट में रोजगार के अवसरों को बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। इसका सीधा लाभ जिले के उद्यमियों और बेरोजगार युवाओं को मिलेगा। बजट में जिले की स्पिनिंग मिल की खाली पड़ी भूमि पर औद्योगिक पार्क स्थापित करने की घोषणा की गई है, जिससे नए उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। इसके साथ ही, बेकार पड़े औद्योगिक आस्थानों को भी विकसित किया जाएगा, जिससे क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों में तेजी आएगी।

स्पिनिंग मिल की भूमि पर बनेगा 90 इकाइयों वाला औद्योगिक पार्क

मिल एरिया क्षेत्र में लगभग 58 एकड़ में फैली यूपी स्टेट स्पिनिंग मिल की भूमि को औद्योगिक पार्क के रूप में विकसित करने का कार्य शुरू हो गया है। इस पार्क में छोटे-बड़े कुल 90 उद्यम स्थापित किए जाएंगे। पहले चरण में 12 शेड तैयार करने का प्रस्ताव है, जो उद्यमियों को अपनी इकाइयां स्थापित करने के लिए आवश्यक ढांचागत सुविधा प्रदान करेगा। इस पहल से न केवल नए उद्योग स्थापित होंगे, बल्कि स्थानीय बेरोजगारों को भी काम मिलेगा और उन्हें रोजगार के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।

पिछड़े औद्योगिक आस्थानों का होगा कायाकल्प, उद्योग केंद्र को मिली जिम्मेदारी

सरकार ने यूपीसीडा से जिले के औद्योगिक आस्थानों को विकसित करने का जिम्मा वापस लेकर उद्योग केंद्र को सौंपा है। बजट में इसके लिए पर्याप्त व्यवस्था की गई है। परशदेपुर, नसीराबाद जैसे क्षेत्रों में औद्योगिक आस्थानों की जमीन लंबे समय से बेकार पड़ी है, जबकि सलोन, महराजगंज और लालगंज में भी इनकी स्थिति बेहद खराब है। अब उद्योग केंद्र इन क्षेत्रों के विकास पर ध्यान केंद्रित करेगा, जिससे नए उद्यमों की स्थापना की उम्मीदें बढ़ गई हैं। उपायुक्त उद्योग परमहंस मौर्या ने बजट को जिले के लिए अत्यंत लाभकारी बताया है और कहा है कि इससे नए उद्यमों की स्थापना को बल मिलेगा।

More From Author

You May Also Like