50 हजार का इनामिया जीतू उर्फ भैरम गिरफ्तार, नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म का है आरोप
सशक्त न्यूज नेटवर्क
रायबरेली। जिले के भदोखर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। नाबालिग के अपहरण और सामूहिक दुष्कर्म के गंभीर मामले में तीन वर्षों से फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामिया अभियुक्त जीतू उर्फ भैरम विश्वकर्मा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी की गिरफ्तारी से पुलिस ने एक सनसनीखेज अपराध के मुख्य किरदार को कानून के शिकंजे में कस दिया है।बताया गया कि वर्ष 2021 में दर्ज इस मामले में नाबालिग को बहला-फुसलाकर अगवा किया गया था और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया।
मामले में एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था, जबकि जीतू उर्फ भैरम विश्वकर्मा घटना के बाद से फरार चल रहा था।लगातार फरारी के चलते पुलिस ने उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना भदोखर पुलिस और एसटीएफ कानपुर नगर की संयुक्त टीम ने खुफिया सूचना के आधार पर बीती 24 जनवरी की रात थाना भदोखर क्षेत्र से आरोपी को दबोच लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त जीतू उर्फ भैरम विश्वकर्मा, निवासी बांदा जनपद, को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी से पीड़ित परिवार को न्याय की दिशा में बड़ी राहत मिली है।