सशक्त न्यूज, बेंगलुरु:
सिलिकॉन वैली कहे जाने वाले बेंगलुरु के एक नामी 5-स्टार होटल में ऐसा खौफनाक हादसा सामने आया है, जिसने लग्जरी और सुरक्षा के दावों की धज्जियां उड़ा दी हैं। शहर के पॉश इलाके हलासुरु स्थित ‘कॉनराड होटल’ के स्विमिंग पूल में उतरे दो विदेशी मेहमानों की करंट (बिजली का झटका) लगने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में एक जर्मनी और दूसरा स्लोवाकिया का नागरिक बताया जा रहा है।
चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शुक्रवार की शाम दोनों विदेशी सैलानी पूल का आनंद ले रहे थे। तभी अचानक पानी में हाई-वोल्टेज करंट दौड़ गया। जब तक कोई कुछ समझ पाता, दोनों करंट की चपेट में आकर तड़पने लगे। उन्हें बचाने के लिए दौड़े एक अमेरिकी पर्यटक और होटल के पूल अटेंडेंट को भी जोरदार झटका लगा और वे भी झुलस गए। दोनों घायलों को तुरंत मणिपाल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
लापरवाही पर उठे गंभीर सवाल, एफआईआर दर्ज
सूचना मिलते ही हलासुरु थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पूल को सील कर दिया। शुरुआती जांच में होटल प्रबंधन की ओर से मेंटेनेंस और सेफ्टी प्रोटोकॉल में भारी लापरवाही की बात सामने आ रही है।
पुलिस ने बताया कि इलेक्ट्रिकल इंस्पेक्टर और फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर जांच शुरू कर दी गई है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि पूल की अंडरवाटर लाइटिंग या मोटर में से करंट कहां से लीक हुआ। पुलिस ने होटल प्रबंधन के खिलाफ लापरवाही से मौत का मामला दर्ज कर लिया है। इस वारदात ने 5-स्टार होटलों के ढीले सुरक्षा इंतजामों की पोल खोलकर रख दी है।

