सशक्त न्यूज नेटवर्क
किसी के आंसू पोंछे, किसी को दी आर्थिक मदद… श्री फाउंडेशन के चेयरमैन मनोज द्विवेदी ने पेश की इंसानियत और सामाजिक सरोकारों की मिसाल
लालगंज (रायबरेली)। मुसीबत में अपनों का साथ मिल जाए तो बड़ा से बड़ा दुख भी सहने की ताकत मिल जाती है। इसी मानवीय संवेदना की मिसाल पेश करते हुए श्री फाउंडेशन के चेयरमैन एवं वरिष्ठ समाजसेवी मनोज द्विवेदी ‘दादा श्री’ शुक्रवार को सरेनी विधानसभा क्षेत्र के लालगंज ब्लॉक के विभिन्न गांवों में पहुंचे। कहीं परिवार ने अपनों को खोया था तो कहीं सड़क हादसे ने जिंदगी की रफ्तार रोक दी थी और कहीं सिर से छत छिन गई थी। हर जगह दादा श्री ने पहुंचकर पीड़ितों का दर्द साझा किया, शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया और जरूरतमंदों को आर्थिक सहायता देकर संकट की घड़ी में साथ निभाने का भरोसा दिया।
दौरे की शुरुआत गेगासो के बेसन का पुरवा से हुई, जहां अवध रानी पासवान के निधन पर उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। इसके बाद बाजपेईपुर गेगासो में कमलेश कुमार पासवान और धनु लाल पासवान के निधन पर शोकाकुल परिवारों के बीच पहुंचकर दुख साझा किया और आर्थिक सहयोग प्रदान किया।
इसी क्रम में बाबा का पुरवा मजरे गौरारुपई में गुड्डू दीक्षित तथा देवीदीन का पुरवा मजरे गौरारुपई में आशीष मौर्य के निधन पर उनके घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी। दादा श्री ने इस कठिन समय में परिवारों को अकेला न महसूस होने देने का भरोसा दिलाया।
वहीं, जनेवा कटरा गेगासो में सड़क दुर्घटना में घायल विश्वास वाजपेई के घर पहुंचकर उनका हालचाल जाना और शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। कटरा गेगासो में राधेश्याम शुक्ल का मकान गिरने की जानकारी पर उनके घर पहुंचकर परिवार की परेशानी जानी और आर्थिक मदद की।
दादा श्री का यह दौरा महज औपचारिक मुलाकात तक सीमित नहीं रहा, बल्कि जरूरत के समय लोगों के साथ खड़े होने का संदेश भी दे गया। उन्होंने अपने सेवा भाव से यह भरोसा जताया कि श्री फाउंडेशन जरूरतमंदों के सुख-दुख में सहभागी बनने के लिए हमेशा तत्पर है।
श्री फाउंडेशन का संदेश है कि सेवा केवल मदद करना नहीं, बल्कि किसी के मुश्किल वक्त में उसका सहारा बनना है।

