12 करोड़ के एफएसटीपी प्लांट में चोरी! शटरिंग का सामान, मिक्सर मशीन और सरिया ले जा रहे तीन युवक दबोचे
देर रात ग्रामीणों ने घेराबंदी कर पकड़ा, धुनाई के बाद पुलिस को सौंपा; पहले भी हो चुकी है चोरी की घटना
संसू, डलमऊ (रायबरेली)। कस्बे में करीब 12 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे एफएसटीपी परिसर में देर रात चोरी की कोशिश से हड़कंप मच गया। निर्माणाधीन प्लांट से शटरिंग का सामान, मिक्सर मशीन और लोहे की सरिया चोरी करने के दौरान ग्रामीणों ने तीन युवकों को पकड़ लिया। इसके बाद उनकी धुनाई कर पुलिस के हवाले कर दिया। पकड़े गए युवकों में एक अमेठी जनपद का रहने वाला बताया जा रहा है।
ग्रामीणों के मुताबिक, देर रात तीनों युवक निर्माणाधीन प्लांट परिसर में घुसे थे। वहां से शटरिंग का सामान, मिक्सर मशीन और लोहे की सरिया चोरी करने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान ग्रामीणों को इसकी भनक लग गई। लोगों ने घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया। इसके बाद उनकी पिटाई कर पुलिस को सौंप दिया। घटना के बाद निर्माणाधीन प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
पहले भी हो चुकी है चोरी की घटना
ग्रामीणों का कहना है कि निर्माणाधीन एफएसटीपी परिसर में इससे पहले भी चोरी की घटना हो चुकी है। इसके बावजूद परिसर में रखे निर्माण सामग्री और मशीनों की सुरक्षा को लेकर पर्याप्त इंतजाम नहीं दिख रहे हैं। करीब 12 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहे इस महत्वपूर्ण प्लांट में बार-बार चोरी की घटनाओं से निर्माण सामग्री की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
प्रभारी निरीक्षक राघवन कुमार सिंह ने बताया कि ग्रामीणों ने तीन युवकों को पकड़कर पुलिस को सौंपा है। अभी मामले में तहरीर मिली है। जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

