हॉस्टल की बदहाली की शिकायत करने गए छात्र को पीटा, बवाल
सशक्त न्यूज नेटवर्क
बाराबंकी। सफेदाबाद स्थित मेयो इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज केएनएस मेडिकल (कॉलेज) में शुक्रवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब हॉस्टल की बदहाल व्यवस्था और घटिया भोजन की शिकायत करने पहुंचे एक एमबीबीएस छात्र की बेरहमी से पिटाई कर दी गई।
घटना का वीडियो सामने आते ही कॉलेज परिसर में हड़कंप मच गया और सैकड़ों छात्र भड़क उठे। पीड़ित छात्र का आरोप है कि जब वह हॉस्टल में खराब खाने और अव्यवस्थाओं को लेकर चीफ वार्डन से शिकायत करने पहुंचा, तो वार्डन ने पहले उसके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया। छात्र द्वारा विरोध किए जाने पर वार्डन ने अपने साथ मौजूद अन्य लोगों के साथ मिलकर लोहे की रॉड और डंडों से हमला कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार छात्र को कॉलेज परिसर में दौड़ा-दौड़ा कर पीटा गया। बीच-बचाव के लिए पहुंचे अन्य छात्रों को भी गालियां दी गईं और उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई। मारपीट के दौरान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद छात्र समुदाय में भारी आक्रोश फैल गया।
घटना से आक्रोशित छात्रों ने कॉलेज प्रशासन के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। छात्रों का कहना था कि हॉस्टल में लंबे समय से भोजन की गुणवत्ता बेहद खराब है, साफ-सफाई का अभाव है और शिकायत करने पर उल्टे छात्रों को प्रताड़ित किया जाता है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नगर कोतवाली पुलिस सहित कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची और कॉलेज परिसर में शांति व्यवस्था बनाए रखने का प्रयास किया गया। पुलिस की मौजूदगी में भी छात्र वार्डन की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।
बढ़ते दबाव के बीच कॉलेज की डायरेक्टर मधुलिका सिंह ने लाउडस्पीकर के माध्यम से छात्रों को संबोधित किया। उन्होंने घोषणा की कि आरोपित चीफ वार्डन को तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है और जल्द ही नए वार्डन की नियुक्ति की जाएगी।