रायबरेली। अखिल भारतीय सेवा क्षत्रिय समाज संघर्ष समिति का एक प्रतिनिधिमंडल राष्ट्रीय अध्यक्ष राजा भइया के नेतृत्व में शुक्रवार की दोपहर नई बस्ती ऊंचाहार देहात गांव पहुंचा। हरिओम की पत्नी से मुलाकात की और इस दुख की घड़ी में उनका साथ देने व आरोपियों को सजा दिलाने तक लड़ाई लड़ने का भरोसा दिया।
प्रतिनिधि मंडल के सदस्य समिति के राष्ट्रीय संगठन मंत्री अजय विमल हेला, वरिष्ठ राष्ट्रीय सलाहाकार काशीराम हेला, जिला प्रवक्ता रायबरेली जिलाध्यक्ष के अमित विमल हेला, जिलाध्यक्ष कौशाम्बी राम आनन्द हेला ने हरिओम की पत्नी पिंकी घटना की जानकारी ली। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि हरिओम हेला की निर्मम हत्या सिर्फ एक इंसान नहीं मानवता की हत्या है।
यह समाज व मानवता पर बदनुमा दाग है।आरोपियों के मन में कानून व सरकार का भय नहीं था। वहीं राष्ट्रीय संगठन मंत्री ने सेवा समाज के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय बर्दाश्त न करने की बात कही। उन्होंने ने पीड़ित को परिवार को एक करोड की आर्थिक सहायता, उसकी पत्नी को नौकरी व आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई कराने की मांग की। संगठन ने परिवार को न्याय दिलाने की बात कही है। इस अवसर पर रंजीत हेला, बिट्टू राहुल अमन मोनू व रंपत हेला मौजूद रहे।
जनता समाज पार्टी (वि) के राष्ट्रीय अध्यक्ष विवेक राज हेला भी अपनी टीम के साथ हरिओम की ससुराल पहुंचे। उनकी पत्नी पिंकी को हर संभव मदद का आश्वासन दिया। उनकी पत्नी ने बताया कि हेला समाज व जनता समाज पार्टी के लोग आये थे उन्होंने मदद करने का आश्वासन दिया है।