स्कूली वैन अनियंत्रित होकर पलटी, चालक सहित एक दर्जन बच्चे घायल
सशक्त न्यूज नेटवर्क
बहराइच। थाना सुजौली क्षेत्र अंतर्गत कतर्नियाघाट के जंगल में बिछिया वन बैरियर के निकट एक निजी स्कूल की वैन अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में वैन चालक सहित एक दर्जन बच्चे बुरी तरह घायल हो गए। गनीमत रही कि किसी की जान नहीं गई, लेकिन एक बच्चे की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बच्चों को स्कूल ले जा रही थी वैन जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के चफ़रिया में स्थित निजी स्कूल बप्पा जी की वैन आज सुबह नेपाल सीमा से सटे जनजाति बाहुल्य क्षेत्र बर्दिया, आम्बा, विशुनापुर और फकीरपुरी से बच्चों को स्कूल लेकर जा रही थी। इसी दौरान जंगल के बीच बिछिया वन बैरियर के पास वैन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों की मदद में जुट गए। राहगीरों और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को आनन-फानन में इलाज के लिए निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया गया।
सूर्या को आई गंभीर चोट दुर्घटना का शिकार हुई वैन में अनुज (कक्षा 9), सूर्या (कक्षा 8), आदर्श (कक्षा 9), आदर्श (कक्षा 1), सीता (एलकेजी), रियार्थ (नर्सरी), आर्यन (कक्षा 1), रीना (कक्षा 11), साबरीन (कक्षा 2), कृष (नर्सरी) और अख्तर रज़ा (एलकेजी) सहित कुल एक दर्जन बच्चे सवार थे। घायलों में सूर्या को सबसे गंभीर चोटें आई हैं, जिसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। अन्य बच्चों को भी चोटें आई हैं, लेकिन उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर की जांच घटना की जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष प्रकाश चंद्र शर्मा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने चौकी इंचार्ज मंजेश, दीवान आत्माराम और कांस्टेबल पन्नेलाल यादव के साथ घटनास्थल का मुआयना किया और घायलों के बारे में जानकारी ली। पुलिस ने घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सुजौली में भर्ती कराया है और हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। अभी तक दुर्घटना का स्पष्ट कारण पता नहीं चल सका है।