सीतापुर में छोटे भाई ने बड़े भाई की ईंट से कुचल कर की हत्या
सशक्त न्यूज नेटवर्क
सीतापुर। कोतवाली सिधौली क्षेत्र के लक्ष्मनपुर गांव में जैती के पेड़ के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में छोटे भाई ने बड़े भाई पर ईंट से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बड़े भाई की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर आरोपी छोटे भाई के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
घटना लक्ष्मनपुर गांव की है, जहां इंद्रपाल (65 वर्ष) और उनके छोटे भाई विजय के बीच जैती के पेड़ के बंटवारे को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि विजय ने गुस्से में आकर ईंट उठा ली और बड़े भाई इंद्रपाल पर हमला कर दिया। ईंट लगने से इंद्रपाल गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल इंद्रपाल को आनन-फानन में परिजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सिधौली ले गए। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान इंद्रपाल ने दम तोड़ दिया।
कोतवाली प्रभारी विजयेन्द्र सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। उन्होंने कहा कि अभी तक परिजनों की ओर से तहरीर नहीं मिली है, लेकिन जैसे ही तहरीर प्राप्त होगी, मृतक इंद्रपाल के भाई विजय के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली जाएगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।