सिलिंडर में लीकेज से नमकीन फैक्टरी में लगी आग
सशक्त न्यूज नेटवर्क
रायबरेली जिले के लालगंज कस्बे के अंबेडकर मार्ग स्थित कोरिहाई मोहल्ला के विकास नगर में शुक्रवार सुबह एक घर में चल रही नमकीन फैक्टरी में घरेलू सिलिंडर लीक होने से आग लग गई। इस दौरान तेज धमाके के साथ सिलिंडर फट गया, जिससे अफरातफरी मच गई। वहीं फैक्टरी संचालक का भाई भी झुलस गया। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया।
मोहल्ला निवासी सुरेंद्र सैनी के घर में नमकीन फैक्ट्री संचालित है। शुक्रवार को सुबह करीब नौ बजे अचानक सिलेंडर में लीकेज होने से आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि सिलिंडर फट गया, जिसकी वजह से पूरी फैक्ट्री में फैल गई। आग लगने से वहां काम कर रहे लोगों में अफरातफरी मच गई। लोगों ने भाग कर जान बचाई।
आग की चपेट में आने से वहां रखी दो बाइक, एक साइकिल और अन्य जरूरी सामान जलकर राख हो गया। आग बुझाते समय फैक्टरी संचालक का भाई जितेंद्र सैनी भी झुलस गया। मोहल्ले के लोगों ने मिलकर किसी तरह आग पर काबू पाया। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड पहुंची और आग पूरी तरह बुझाई। फायर ब्रिगेड चालक आनंद प्रताप सिंह ने बताया कि फैक्टरी बस्ती के अंदर बिना अनुमति चलाई जा रही थी। घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग भी किया जा रहा था। बड़ा हादसा हो सकता था।