Categories:
ब्रेकिंग न्यूज़
सड़क बनी, कार रह गई! बहराइच में 50 करोड़ के प्रोजेक्ट का अजब नजारा, आधी गाड़ी डामर में दबी
सशक्त न्यूज नेटवर्क
बहराइच: उत्तर प्रदेश में सड़क निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर अक्सर सवाल उठते रहे हैं, लेकिन बहराइच में सामने आया एक मामला लोगों को हैरान कर रहा है। यहां सड़क चौड़ीकरण के दौरान ठेकेदार ने सड़क किनारे खड़ी कार को हटाने की बजाय उसके आसपास ही डामर बिछा दिया। नतीजा यह हुआ कि कार के आधे टायर नई सड़क में दब गए और वाहन वहीं फंसकर रह गया।
मामला शहर के अस्पताल चौराहा स्थित महाराज सिंह इंटर कॉलेज के पास का बताया जा रहा है। यहां लोक निर्माण विभाग (PWD) की ओर से करीब 50 करोड़ रुपये की लागत से सड़क चौड़ीकरण का काम कराया जा रहा है। निर्माण कार्य के दौरान सड़क किनारे खड़ी एक कार को हटाने की जरूरत तक नहीं समझी गई और उसके चारों ओर सड़क बना दी गई।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, सड़क निर्माण के समय कर्मचारी और जिम्मेदार अधिकारी मौके पर मौजूद थे। इसके बावजूद न तो कार मालिक का पता लगाने की कोशिश की गई और न ही वाहन को वहां से हटवाया गया। जब सड़क तैयार हुई तो कार के पहिए डामर में धंस चुके थे।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों ने विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं। लोग पूछ रहे हैं कि जब निर्माण एजेंसी एक खड़ी कार तक नहीं हटवा सकी तो करोड़ों रुपये की परियोजना की निगरानी और गुणवत्ता का अंदाजा कैसे लगाया जाए।
बताया जा रहा है कि सड़क चौड़ीकरण का ठेका गोंडा की एक निर्माण कंपनी को दिया गया है। वीडियो वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि, इस पूरे प्रकरण पर अभी तक विभागीय अधिकारियों की ओर से कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
लोगों के निशाने पर विभाग
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद लोग इसे सरकारी लापरवाही का जीता-जागता उदाहरण बता रहे हैं। कई लोगों ने सवाल उठाया कि क्या निर्माण कार्य शुरू करने से पहले स्थल का निरीक्षण भी किया गया था या नहीं। वहीं कुछ लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं निर्माण कार्यों की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं।
फिलहाल, सड़क में धंसी कार और करोड़ों रुपये की परियोजना में हुई इस चूक की चर्चा पूरे शहर में हो रही है। अब नजर इस बात पर है कि विभाग मामले की जांच कर जिम्मेदारी तय करता है या नहीं।