संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत, हत्या का आरोप

सशक्त न्यूज नेटवर्क
शिवगढ़। नगर पंचायत शिवगढ़ के सरैया गांव में संदिग्ध हालत में विवाहिता की मौत हो गई। ससुराल पक्ष के लोग फंदा लगाकर आत्महत्या करने की बात कह रहे हैं। वहीं मायके पक्ष के का आरोप है कि बेटी की हत्या की गई है। पुलिस मृतका के पति को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

बछरावां क्षेत्र की रहने वाली रामलली ने बताया कि उसने अपनी बेटी संगीता (23) की शादी सरैया गांव के रहने वाले लवकुश के साथ की थी। लवकुश आए दिन शराब पीकर बेटी के साथ मारपीट करता था। बृहस्पतिवार की रात दामाद लवकुश ने फोन कर बताया कि संगीता ने फंदा लागकर जान दे दी है।

रात में ही संगीता की मां रामलली जब परिवारीजनों के साथ बेटी के घर पहुंची, तो देखा संगीता जमीन पर मृत पड़ी थी। पास में उसका चार वर्षीय बेटा अंकुश मां को पकड़कर रो रहा था। वहीं शराब के नशे में दामाद लवकुश पड़ा था। मामले में मृतका की सास राजकुमारी ने बताया कि शादी के बाद से बेटा और बहू हम लोगों से अलग रहते हैं। रात में दोनों में किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी।

दोनों को समझाकर वह अपने अपने घर चली आई थी। रात में बहू के फंदा लगाकर आत्महत्या करने की जानकारी हुई थी। संगीता की मौत से घर वालों का रो-रोकर हाल बेहाल है। उसका बेटा अंकुश मां की याद में थोड़ी थोड़ी देर में रोता रहा। परिवार के लोग बच्चे को संभालते दिखे।

थानाध्यक्ष विंध्य विनय ने बताया कि मृतका के भाई रंजीत की तहरीर पर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो पाएगा। पति लवकुश को हिरासत में लेकर मामले की पड़ताल की जा रही है।

More From Author

You May Also Like