Categories:
ब्रेकिंग न्यूज़
संदिग्ध परिस्थितियों में सिपाही ने किया आत्महत्या का प्रयास
सशक्त न्यूज नेटवर्क
रायबरेली: पुलिस लाइन में तैनात एक सिपाही ने गुरुवार को संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। शारदा नहर के पास गंभीर हालत में पड़े सिपाही को राहगीरों की सूचना पर पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया। हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल से एम्स रेफर कर दिया।
सिपाही की पहचान आशुतोष पटेल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह पुलिस लाइन में तैनात है। शारदा नहर के पास उसके अचेत अवस्था में मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आनन-फानन उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। प्रारंभिक जानकारी में जहरीला पदार्थ खाने की बात सामने आई है।
सिपाही की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के उच्चाधिकारी भी सक्रिय हो गए। पूरे प्रकरण की जांच-पड़ताल की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि सिपाही ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया। साथ ही घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।