Categories: अपराध

श्रावस्ती में घर के भीतर युवती की गला रेतकर हत्या

सशक्त न्यूज नेटवर्क
श्रावस्ती। सिरसिया क्षेत्र के ग्राम पंचायत शाहपुर बदगदवा में शुक्रवार की रात एक युवती उसके घर में ही गला रेत कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। हत्या की सूचना पर सिरसिया पुलिस फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची और जांच की। वहीं, एसपी राहुल भाटी भी मौके पर पहुंचे और जांच व पूछताछ की। एसपी ने जल्द खुलासे की बात कही है।

ग्राम बरगदवा निवासी पंचूराम की इकलौती बेटी सुनीता देवी (18) शुक्रवार की रात में खाना खाने के बाद सोने चली गई थी। सुनीता अपनी मां कलावती के पास ही दूसरे चारपाई पर सोई थी। इस दौरान रात में जब कलावती की आंख खुली तो सुनीता खून से लथपथ मिली। सुनीता के गले पर किसी धारदार हथियार से कट का निशान था।

सुनीता को खून से लथपथ देख कलावती चीख पड़ी और घर के अन्य परिजनों को इसकी सूचना दी। सूचना पर पिता पंचूराम व अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी। हत्या की सूचना पर थाना प्रभारी शैलकांत उपाध्याय फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और उच्चाधिकारियों को घटना की जानकारी दी।

घटना की सूचना पर मौके पर पहुंचे एसपी राहुल भाटी ने जांच की। एसपी राहुल भाटी ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवती के गले पर धारदार वस्तु से हमले की संभावना है। घटना के खुलासे के लिए टीम का गठन कर दिया है और हर पहलू की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक लग रहा है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

युवती सुनीता का शव उसके ही घर में मिलने के बाद जहां पुलिस जांच में जुटी है तो वहीं मृतका के परिजन कुछ भी बोलने से इंकार कर रहे हैं। घटना के बाद परिजनों ने कुछ भी जानकारी होने से इंकार कर दिया। वहीं, मां के पास की चारपाई पर लेटी युवती के साथ इतनी बड़ी घटना होना व परिजनों को जानकारी न होना गांव में चर्चा का विषय बना हुआ है।

More From Author

You May Also Like