लालगंज में युवक का शव घर में मिला, आत्महत्या की आशंका

सशक्त न्यूज नेटवर्क
रायबरेली। लालगंज कोतवाली क्षेत्र के मदुकरपुर गांव में बृहस्पतिवार को एक युवक का शव उसके घर में खून से लथपथ मिला। घटना से पूरे गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा।

अकेला रहता था राजकुमार, पड़ोसियों से थी मेलजोल

मृतक की पहचान राजकुमार उर्फ गुड्डू (28) पुत्र छोटेलाल के रूप में हुई है। वह अपने घर में अकेला रहता था, क्योंकि उसके माता-पिता की पहले ही मृत्यु हो चुकी थी। गांव के लोग ही उसे खाना-पानी देते थे और उसका ख्याल रखते थे। बृहस्पतिवार की सुबह करीब नौ बजे जब पड़ोसियों ने उसके घर का दरवाजा खटखटाया और कोई जवाब नहीं मिला तो उन्होंने अंदर झांका। कमरे की फर्श पर राजकुमार चित अवस्था में पड़ा था और उसके शरीर से खून बह रहा था। उसकी बाईं आंख और सिर के पीछे चोट के निशान थे, जिससे खून निकल रहा था। उंगलियों पर भी चोट के निशान पाए गए।

साड़ी मिलने से आत्महत्या की ओर इशारा

घटनास्थल पर कमरे की छत से एक साड़ी लटकी हुई मिली, जिससे आत्महत्या की आशंका को बल मिला है। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि मृतक की बहन सुनीता, जो मीर मीरानपुर गांव डलमऊ की निवासी हैं, की सूचना पर कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि फिलहाल आत्महत्या का मामला लग रहा है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

More From Author

You May Also Like