लखनऊ की इंदिरा ड्रैम में मिला किशोर का शव, तीन दोस्तों पर हत्या का आरोप

सशक्त न्यूज नेटवर्क
बाराबंकी जनपद में शहर कोतवाली क्षेत्र के बबुरिहा गांव के किशोर विशाल यादव (15) का शव सोमवार को लखनऊ के खुर्दही स्थित इंदिरा डैम के पास सड़क किनारे क्षत-विक्षत अवस्था में मिला। लखनऊ पुलिस ने इसे हादसा बताया लेकिन परिजनों ने गांव के ही तीन लड़कों पर हत्या का आरोप लगाया है।

पोस्टमार्टम के बाद मंगलवार शाम शव बाराबंकी पहुंचा तो परिजनों व ग्रामीणों ने सड़क जाम की कोशिश की। एएसपी व सीओ ने पुलिस बल के साथ हालात संभाले। तीनों आरोपियों पर लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाने में हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है।

बाराबंकी शहर के करीब स्थित बबुरिहा गांव के प्रेम सिंह के अनुसार इनके पुत्र विशाल यादव रविवार को गांव के ही अनीस, हिमांशु और चाहत यादव के साथ दो बाइकों से लखनऊ गए थे। हाईस्कूल के छात्र विशाल के देर रात तक वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की।

इस दौरान तीनों दोस्तों के मोबाइल बंद मिलने से उनकी शंका और गहरी हो गई। सोमवार रात करीब नौ बजे हिमांशु के भाई सुशील ने फोन कर जानकारी दी कि विशाल का शव लखनऊ के इंदिरा डैम के पास पड़ा है। खबर मिलते ही परिजन बदहवास हो गए। लखनऊ पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान विशाल यादव के रूप में की।

स्थानीय पुलिस ने प्रारंभिक तौर पर इसे सड़क हादसा बताया था, लेकिन परिजनों का आरोप है कि विशाल की हत्या कर शव सड़क किनारे फेंक दिया गया। मंगलवार शाम पोस्टमार्टम के बाद शव बबुरिहा गांव पहुंचा ही था कि परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो उठे। ग्रामीणों ने लखनऊ-अयोध्या पुराने हाईवे से गांव जाने वाली सड़क को जाम करने की कोशिश की। सूचना पर एएसपी विकासचंद्र त्रिपाठी, सीओ संगम कुमार समेत भारी पुलिस बल पहुंच गया।

करीब एक घंटे बाद परिजनों तब शांत हुए जब यहां की पुलिस ने लखनऊ पुलिस अधिकारियों से वार्ता की, जिसके बाद सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में तीनों आरोपियों के खिलाफ हत्या कर रिपोर्ट दर्ज की गई। मामला की गंभीरता को देखते हुए देर शाम लखनऊ पुलिस परिजनों के पास पहुंची। लखनऊ पुलिस तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर लखनऊ में ही पूछताछ कर रही है।

एसपी अर्पित विजयवर्गीय घटना लखनऊ क्षेत्र की है, इसलिए मामले की विस्तृत जांच वहीं की पुलिस कर रही है। बाराबंकी में परिजनों के बयान भी लखनऊ पुलिस द्वारा दर्ज किए जा रहे हैं।

More From Author

You May Also Like