रायबरेली में हरचंदपुर की सड़कों का कायाकल्प: 40 हजार लोगों को मिलेगी राहत, छह करोड़ से अधिक का होगा नवीनीकरण

सशक्त न्यूज नेटवर्क
रायबरेली। हरचंदपुर विधानसभा क्षेत्र में लंबे समय से बदहाल पड़ी सड़कों की दशा सुधरने वाली है। शासन से इन सड़कों के नवीनीकरण के लिए स्वीकृति मिल गई है, जिससे क्षेत्र के लगभग 40 हजार लोगों को आवागमन में बड़ी सहूलियत मिलेगी। लोक निर्माण विभाग ने इस महत्वपूर्ण कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है, जिसमें करीब छह करोड़ 16 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।

क्षेत्र की 29 सड़कें, जिनमें गंगागंज से लालू पुर खास, मझिगवां-ढोढरी वाया आस्तीक मंदिर संपर्क मार्ग, अजमत उल्लागंज से लालपुर खास संपर्क मार्ग, तकिया से मैदान पुर, पूरे देदौर संपर्क मार्ग, फरीदपुर संपर्क मार्ग, पिंडारी संपर्क मार्ग, पूरे मठ संपर्क मार्ग, और भुजवन खेड़ा संपर्क मार्ग शामिल हैं, लंबे समय से जर्जर हालत में थीं। इन सड़कों की खस्ताहाली के कारण ग्रामीणों को दैनिक यात्राओं में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए लोक निर्माण विभाग ने एक विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर शासन को भेजी थी, जिसकी स्वीकृति अब प्राप्त हो गई है।

नवीनीकरण का कार्य जल्द होगा शुरू

शासन से स्वीकृति मिलने के बाद लोक निर्माण विभाग ने सड़कों के नवीनीकरण की प्रक्रिया तेज कर दी है। अधिशासी अभियंता महिपाल सिंह ने बताया कि टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही सड़कों के निर्माण का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कराया जाएगा। इस परियोजना के तहत क्षेत्र की प्रमुख संपर्क मार्गों को दुरुस्त किया जाएगा, जिससे न केवल स्थानीय निवासियों का आवागमन सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी। छह करोड़ 16 लाख रुपये की लागत से होने वाले इस कार्य से क्षेत्र की कनेक्टिविटी में सुधार आएगा और ग्रामीण जीवन स्तर को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

More From Author

You May Also Like