रायबरेली में महुआ के पेड़ से शिवलिंग मिलने से हड़कंप, ग्रामीणों ने की मंदिर निर्माण की मांग
सशक्त न्यूज नेटवर्क
रायबरेली। लालगंज क्षेत्र के पीर मोहम्मद पुरवा गांव में उस समय सनसनी फैल गई जब एक विशाल महुआ का हरा पेड़ अचानक जमीन से उखड़ गया। पेड़ के गिरने से हुई खुदाई में जमीन के अंदर से एक प्राचीन शिवलिंग निकला है। इस अप्रत्याशित घटना से ग्रामीण आश्चर्यचकित हैं और इसे दैवीय संकेत मान रहे हैं।
पेड़ के नीचे शिवलिंग मिलने की खबर आग की तरह फैल गई और देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों ने शिवलिंग को अत्यंत पवित्र मानते हुए तत्काल वहां मंदिर निर्माण की मांग उठाई है।
ग्रामीणों की भावनाओं को देखते हुए स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई है और मामले की जांच में जुटी हुई है। प्रशासन ने फिलहाल शिवलिंग के आसपास सुरक्षा घेरा बना दिया है और आगे की कार्रवाई के लिए पुरातत्व विभाग से संपर्क करने की बात कही है। यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।