रायबरेली में भीषण सड़क हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौत दो घायल
सशक न्यूज नेटवर्क
रायबरेली। बरात से घर लौट रहे तीन दोस्तों की बाइक को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी।
हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवगढ़ पहुंचाया जहां से प्राथमिक उपचार देकर डॉ. सौरभ सिंह ने दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
शिवगढ़ क्षेत्र के जगन्नाथ पुर मजरे सूरजपुर के रहने वाले शंकर (28) शिवगढ़ के बैंती निवासी अपने दोस्त पप्पू (30) व रोहित (30) के साथ बाइक से बछरावां से एक बरात में शामिल होने के बाद देर रात करीब 11.30 बजे बाइक से घर लौट रहे थे।
स्टेट हाइवे बांदा बहराइच मार्ग स्थित शिवगढ़ बछरावा मार्ग पर गुड़िया गढ़ी के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे शंकर की मौके पर मौत हो गई वहीं रोहित और पप्पू भी कुचल गए। दोनों ने किसी तरह पुलिस को जानकारी दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया, जहां से दोनों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस के मुताबिक बाइक चालक ने हेलमेट नहीं लगाया था।