रायबरेली बॉयलर ट्यूब में रिसाव से एनटीपीसी की चौथी यूनिट बंद
सशक्त न्यूज नेटवर्क
रायबरेली बॉयलर ट्यूब में रिसाव से एनटीपीसी की चौथी यूनिट बंद
अधिकारियों के मुताबिक तकनीकी खराबी से बंद हुई है यूनिट
रायबरेली। ऊंचाहार एनटीपीसी परियोजना की यूनिट नंबर चार शनिवार सुबह बॉयलर ट्यूब में रिसाव के चलते बंद हो गई।
यूनिट बंद होने से परियोजना में 210 मेगावाट बिजली उत्पादन कम हो गया है। फिलहाल पांच यूनिटों से 1340 मेगावाट बिजली उत्पादन हो रहा है। परियोजना के अधिकारियों ने तकनीकी खराबी के चलते यूनिट बंद होने की बात कही है।
एनटीपीसी परियोजना में बिजली उत्पादन के लिए 210- 210 मेगावाट उत्पादन क्षमता वाली पांच यूनिटें व 500 मेगावाट उत्पादन क्षमता की छठवीं यूनिट स्थापित है। कुल 1550 मेगावाट बिजली उत्पादन होता है।
शनिवार सुबह 210 मेगावाट बिजली उत्पादन क्षमता वाली चौथी यूनिट पूरी क्षमता से उत्पादन कर रही थी। इस बीच बॉयलर के ट्यूब में रिसाव हो गया, और यूनिट से उत्पादन रोकना पड़ा। जानकारी होने के बाद अभियंताओं की टीम मौके पर पहुंची और जांच की। इस दौरान बॉयलर का तापमान अधिक होने से मरम्मत का काम शुरू नहीं हो पाया है।
सूत्रों के मुताबिक रविवार को मरम्मत शुरू होने की उम्मीद है। वहीं परियोजना के जनसंपर्क अधिकारी ऋषभ शर्मा ने बताया कि तकनीकी खामी के चलते यूनिट बंद हुई है। खराबी दूर कर रात में यूनिट चालू कर दी जाएगी।