राम मंदिर को बम से उड़ाने की सूचना से अयोध्या में सनसनी, पुलिस अलर्ट

सशक्त न्यूज नेटवर्क
अयोध्या। राम मंदिर को बम से उड़ाने की धमकी भरी सूचना से पूरे अयोध्या में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में सक्रिय हुई पुलिस ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। सूचना देने वाले संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में ले लिया गया है। प्रारंभिक जांच में युवक गोंडा का रहने वाला बताया जा रहा है और वह दिमागी रूप से असंतुलित प्रतीत हो रहा है।

112 पर आई कॉल से मचा हड़कंप

शनिवार रात करीब 10:30 बजे 112 नंबर पर एक फोन कॉल आया, जिसमें एक अज्ञात व्यक्ति ने राम मंदिर में बम विस्फोट की सूचना दी। इस कॉल के तुरंत बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। खुफिया एजेंसियों से जुड़े अधिकारी और अयोध्या पुलिस की टीम तत्काल हरकत में आ गई और संदिग्ध कॉलर को पकड़ने के लिए अभियान चलाया।

संदिग्ध युवक से पूछताछ जारी

पुलिस ने कॉलर को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। युवक के दिमागी रूप से असंतुलित होने की बात सामने आ रही है, जिसके चलते उसकी बातों की सत्यता की जांच की जा रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक युवक के नाम और पते के बारे में कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है। खुफिया अधिकारी और स्थानीय पुलिस मिलकर इस पूरे मामले की तह तक जाने का प्रयास कर रहे हैं।

सुरक्षा बढ़ाई गई

इस घटना के मद्देनजर, अयोध्या की सुरक्षा व्यवस्था को और भी कड़ा कर दिया गया है। संवेदनशील इलाकों में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है और हर आने-जाने वाले पर कड़ी नजर रखी जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें।

More From Author

You May Also Like