मासूम पर हैवानियत की इंतहा, मां और लिव-इन पार्टनर गिरफ्तार

सशक्त न्यूज नेटवर्क
तिरुवनंतपुरम। केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम से मानवता को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला और उसके लिव-इन पार्टनर पर अपने ही दूधमुंहे बच्चे को लगातार प्रताड़ित करने का आरोप है। गंभीर चोटों के कारण मासूम की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है।

जानकारी के अनुसार, बच्चे को पिछले दो से तीन सप्ताह से लगातार शारीरिक यातनाएं दी जा रही थीं। हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले की जांच के दौरान पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं।

रिपोर्ट के अनुसार, मासूम के शरीर पर चोटों के 51 निशान मिले हैं। उसके सिर, चेहरे और गर्दन पर गंभीर चोटें थीं। शरीर पर सिगरेट से दागे जाने के कई निशान पाए गए। पीठ, सीने और पेट पर गहरे घाव मिले हैं। दोनों हाथों में फ्रैक्चर था तथा अंदरूनी अंगों में रक्तस्राव के संकेत भी मिले हैं।

मृतक बच्चे के नाना-नानी ने आरोप लगाया कि उसके शरीर का कोई हिस्सा ऐसा नहीं था, जहां चोट के निशान न हों। उन्होंने आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने मामले में बच्चे की मां और उसके लिव-इन पार्टनर को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पहले भी गंभीर आरोप लग चुके हैं। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

More From Author

You May Also Like