मकर संक्रांति पर रामलला को अर्पित की गई पतंग, गंगा में श्रद्धालु लगा रहे गोते

सशक्त न्यूज नेटवर्क
लखनऊ। राम नगरी में मकर संक्रांति का पर्व भक्ति और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। भोर से ही श्रद्धालुओं ने सरयू नदी में आस्था की डुबकी लगाई और तिल, गुड़, वस्त्र व अन्न का दान कर पुण्य अर्जित किया। ठंड के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा है। सरयू तट पर सुबह चार बजे से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुट गई।

राम मंदिर में मकर संक्रांति के अवसर पर विशेष पूजन-अर्चन किया गया। इस दौरान भक्तों की ओर से रामलला को पतंग भेंट कर पर्व की परंपरा को साकार किया गया। मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा संपन्न हुई, वहीं जय श्रीराम के उद्घोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

सरयू घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। प्रशासन की ओर से सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने जरूरतमंदों को दान-पुण्य किया और रामलला के दर्शन के लिए मंदिर की ओर प्रस्थान किया।

मकर संक्रांति के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा स्नान कर रहे हैं गंगा घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है प्रयागराज के संगम, रायबरेली के डलमऊ समेत सभी नामचीन पौराणिक घाटों पर श्रद्धालु मां गंगा के आंचल में डुबकी लगा रहे हैं।

More From Author

You May Also Like