Categories: अपराध

बाराबंकी में लूट के बाद बुजुर्ग महिला की गला दबाकर हत्या, घर से लाखों के जेवर पार

सशक्त न्यूज नेटवर्क
बाराबंकी। शहर कोतवाली क्षेत्र के बंकी कस्बे में रविवार रात एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया। बदमाशों ने एलआईसी कर्मचारी अशोक कुमार शुक्ला के तीन मंजिला मकान में घुसकर उनकी 80 वर्षीय मां शकुंतला शुक्ला की गला दबाकर हत्या कर दी और लाखों रुपये के जेवर लूट ले गए। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है।

वारदात का तरीका और खुलासे की उम्मीद

रविवार रात शकुंतला शुक्ला मकान के निचले हिस्से में अपने कमरे में सो रही थीं, जबकि परिवार के अन्य सदस्य ऊपर की मंजिलों पर थे। इसी दौरान बदमाश गली की ओर खुलने वाले दूसरे दरवाजे से घर में दाखिल हुए। परिजनों के अनुसार, बदमाशों ने शकुंतला शुक्ला का गला दबाकर उनकी निर्मम हत्या कर दी। इसके बाद उन्होंने महिला के हाथों में पहने सोने के कड़े, कानों के झुमके और गले के अन्य कीमती जेवर लूट लिए और मौके से फरार हो गए। सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे जब परिवार नीचे पहुंचा तो घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद चीख-पुकार मच गई।

पुलिस की जांच जारी, पूर्व चोरी का भी कनेक्शन

सूचना मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। परिजनों ने पुलिस को बताया कि इसी परिवार के यहां करीब एक माह पूर्व भी लगभग 85 हजार रुपये की चोरी की घटना हो चुकी है।

इस बार हुई वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। शहर कोतवाल सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस चोरी और हत्या के बीच किसी संभावित संबंध की भी पड़ताल कर रही है।

More From Author

You May Also Like