बहराइच में अनियंत्रित पुलिस जीप ने रौंदा, सात माह की मासूम की मौत, चार महिलाएं गंभीर रूप से घायल
सशक्त न्यूज नेटवर्क
बहराइच। भगवानपुर चौराहे पर मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हुआ, जब मांगलिक कार्यक्रम से लौट रही महिलाओं को तेज रफ्तार अनियंत्रित पुलिस जीप ने कुचल दिया। इस भीषण दुर्घटना में सात माह की मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद जीप चालक पुलिसकर्मी वाहन छोड़कर फरार हो गया।
सीतापुर जिले के ढेमोड़ा गांव निवासी ज्ञान देवी अपने मामा के घर खैरीघाट थाना क्षेत्र के जबदहा गांव आई थीं। दो दिन पूर्व उनके मामा के घर बेटे के जन्म के उपलक्ष्य में बरहा संस्कार का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मंगलवार को ज्ञान देवी अपनी परिवार की महिलाओं सुनीता (45), मर्रा (30), सन्नो (19) और सन्नो की सात माह की पुत्री कुसुम के साथ सीतापुर लौटने के लिए निकली थीं।
महिलाओं को बचाने का प्रयास विफल, मासूम की दर्दनाक मौत
दोपहर के समय सभी महिलाएं भगवानपुर चौराहे पर सीतापुर जाने के लिए ऑटो का इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही पुलिस जीप अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़ी महिलाओं को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि महिलाएं सड़क पर दूर जा गिरीं, जबकि मासूम कुसुम जीप के नीचे कुचल गई। चौराहे पर अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार से माहौल गूंज उठा।
पुलिसकर्मी फरार, घायलों को तत्काल पहुंचाया गया अस्पताल
हादसे के तुरंत बाद चालक पुलिसकर्मी जीप मौके पर छोड़कर भाग निकला। आसपास मौजूद लोगों ने साहस दिखाते हुए जीप को हटाया और किसी तरह घायलों को बाहर निकाला। एंबुलेंस से सभी घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज बहराइच पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने सात माह की कुसुम को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल सुनीता, मर्रा, सन्नो और ज्ञान देवी को भर्ती कर उपचार शुरू किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार चालक की तलाश जारी है।