बसौना माफी गांव के निकट पकड़ा गया बाघ

सशक्त न्यूज नेटवर्क
बहराइच। महसी तहसील क्षेत्र में बीते दो दिनों से दहशत का कारण बना बाघ आखिरकार शनिवार देर शाम पकड़ लिया गया। बसौना माफी गांव के निकट नाले के पार मौजूद बाघ को दुधवा टाइगर रिजर्व के वन्यजीव विशेषज्ञ डॉ. दयाशंकर और डॉ. दीपक की टीम ने सफलतापूर्वक ट्रैंकुलाइज कर काबू में लिया। बेहोश किए जाने के बाद बाघ को सुरक्षित पिंजरे में बंद कर रेंज कार्यालय लाया जा रहा है।

शनिवार को बसौना माफी गांव के पास बाघ की मौजूदगी की पुष्टि होते ही वन विभाग अलर्ट मोड पर आ गया था। संभावित रास्तों पर जाल लगाए गए और रेहुआ मंसूर गांव से कॉम्बिंग टीम को रवाना किया गया। दूसरे दिन भी रेस्क्यू अभियान जारी रहा, जिसमें हथिनी जयमाला और चंपाकली की मदद से गन्ने व सरसों के खेतों की सघन तलाशी ली गई। साथ ही ड्रोन कैमरों से लगातार निगरानी की गई।

प्रभागीय वनाधिकारी सुदंरेशा ने बताया कि बाघ लगातार लोकेशन बदल रहा था, जिससे अभियान चुनौतीपूर्ण था, लेकिन विशेषज्ञों की सतर्कता से उसे सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया गया। बाघ के पकड़े जाने से बसौना माफी, रेहुआ मंसूर सहित आसपास के गांवों के ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।

More From Author

You May Also Like