Categories: अपराध

बदमाशों ने दिनदहाड़े मिर्च झोंककर तमंचे के दम पर सर्राफा व्यापारी से लूटे जेवर

सशक्त न्यूज नेटवर्क
सीतापुर। इलाके में शनिवार को दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने सर्राफा व्यापारी की आंखों में मिर्च झोंककर जेवर से भरा बैग लूट लिया। हसनापुर मोड़ के पास हुई इस घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। पीड़ित के भाई ने दस लाख रुपये के जेवर लूटे जाने का आरोप लगाया है। घटना की जानकारी जैसे ही पुलिस को हुई, उसने पीड़ित को अपने पास बैठा लिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।

भाई मनीष के अनुसार बिसवां के पटना गांव निवासी मोनू की सकरन के महोलियाकलां चौराहे पर हरिओम सर्राफा व रेडीमेड़ सेंटर के नाम से दुकान है। पास में शराब का ठेका भी स्थित है। दोपहर करीब पांच बजे वह अपनी दुकान को बंद करके घर की तरफ जा रहे थे। मोनू के पास जेवरों से भरा एक बैग था। उनकी बाइक जैसे ही हसनापुर मोड़ के पास पहुंची, पीछे से एक बाइक पर दो बदमाश आ गए। बदमाशों ने मोनू की आंख में र्मिच झोंक दी। अचानक हुए इस हमले से मोनू बाइक समेत गिर गए। बदमाशों ने तमंचे के बल पर जेवर से भरा बैग लूट लिया।

इसके बाद मोनू ने शोर मचाना शुरू कर दिया तो बदमाश भाग गए। इधर मौके पर सेमरा गांव के ग्रामीण आ गए। उन्होंने पुलिस को मामले की सूचना दी। घटना की जानकारी पीड़ित के परिजनों को भी हुई। आरोप है कि जैसे ही सकरन पुलिस को लूट की जानकारी मिली वैसे ही स्थानीय पुलिस व रेंज के उच्चाधिकारियों ने पीड़ित को ही अपने पास बैठा लिया। उसे परिजनों व मीडियाकर्मियाें से बात भी नहीं करने दी। घटना के बाद एएसपी समेत अन्य पुलिसकर्मियों ने जांच की है।

चौकी से 50 कदम की दूरी पर स्थित है दुकान
पीड़ित की दुकान चौकी से महज 50 कदम की दूरी पर स्थित है। वहीं घटना स्थल महज एक किलोमीटर की दूरी पर है। आशंका जताई जा रही है कि किसी ने सर्राफा व्यापारी की रेकी की थी। घटना के बाद बैकफुट पर आई पुलिस ने पहले तो घटना को छिपाने का प्रयास किया। फिर घटना को स्वीकारते हुए सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं।

जिले में अपराध अनकंट्रोल हो रहा है। कुछ दिनों पहले ही तालगांव के रसूलपुर गांव में डकैतों ने 17 लाख की डकैती को अंजाम दिया था। उसका खुलासा अभी पूरी तरह से पुलिस नहीं कर पाई है। इसके बाद यह घटना पुलिसिंग पर सवाल उठाने का काम कर रही है। थानाध्यक्षों की लचर कार्यशैली के चलते यह घटनाएं हो रही हैं। घटना होने के बाद उच्चाधिकारी भी घटना को छिपाने का प्रयास करने में जुट जाते हैं। आलम यह है कि कानून-व्यवस्था न बिगड़े इसके लिए आईजी रेंज लखनऊ तक को मोर्चा संभालना पड़ता है।

चौकी के पास बनी पांच दुकानों में चाेरी का प्रयास
कोतवाली देहात इलाके में शुक्रवार रात नैपालपुर पुलिस चौकी के रखी लकड़ी की दुकानों में चोरी का प्रयास हुआ। चौकी के पास ही दिलीप बिरयानी, मिठाई की दुकान, किराने व स्टेशनरी की दुकान है। जहां पर चोरी का प्रयास हुआ। यहां कुछ दिन पहले चोरी भी हो चुकी है।

व्यापारी से दो लाख रुपये के गहने लूटे जाने की बात सामने आई है। घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं। घटना जांच की जा रही है। अमन सिंह, सीओ बिसवां

More From Author

You May Also Like