Categories: अपराध

बच्चे को घुमाने के बहाने कार ले उड़ा उचक्का

सशक्त न्यूज नेटवर्क
रायबरेली।‌ लालगंज कस्बे के कुंभड़ौरा मोड़ स्थित बृजेंद्र नगर मोहल्ला में बुधवार सुबह शातिर उचक्का बच्चे को घुमाने के बहाने कार लेकर फरार हो गया। पीड़ित ने मामले की सूचना पुलिस को दी है।

मोहल्ला निवासी उदल सोनी ने बताया कि वह सुबह अपने घर के बाहर 10 वर्षीय बेटे जिगर के साथ अलाव ताप रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति वहां पहुंचा और अलाव के पास बैठ गया। वह काफी देर तक बैठा रहा और पुरानी पहचान का हवाला देता रहा। पीड़ित के मुताबिक इसी बीच वह किसी काम से घर के अंदर चला गया।

मौका पाकर आरोपी ने बच्चे को बहला फुसलाकर कार की चाबी मंगवाई। इसके बाद बच्चे को कार में बैठाकर घूमाने की बात कही। आरोपी बच्चे को डलमऊ रोड स्थित फ्लाईओवर के नीचे छोड़कर कार समेत फरार हो गया। काफी देर बीतने के बाद जब बच्चा घर वापस नहीं लौटा तो उसने खोजबीन शुरू की। बच्चों ने बताया कि आरोपी उसे छोड़कर कार डलमऊ की ओर लेकर भाग गया।

पीड़ित ने बताया कि उसने तीन महीने पहले ही नई कार खरीदी थी। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है।

More From Author

You May Also Like