प्रेम प्रसंग में पंचायत मित्र की दिनदहाड़े गला रेतकर हत्या
सशक्त न्यूज नेटवर्क
लालगंज (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र के जगतपुर के भिचकौरा गांव में शनिवार दोपहर प्रेम प्रसंग के चलते सनसनीखेज वारदात सामने आई। गांव निवासी पंचायत मित्र सीमा (35) की गला रेतकर हत्या कर दी गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ने जहर खा लिया, जिससे उसकी भी मौत हो गई।
वारदात से पूरे गांव में हड़कंप मच गया। मृतका सीमा पत्नी राजेंद्र पासवान पंचायत मित्र के पद पर कार्यरत थीं। शनिवार दोपहर करीब एक बजे उनका शव घर के अंदर खून से लथपथ पड़ा मिला। गले पर गहरे घाव के निशान थे। पास ही हत्या में प्रयुक्त गड़ासा बरामद हुआ। बताया गया कि घटना के समय सीमा के तीनों बच्चे स्कूल गए थे और घर में कोई अन्य मौजूद नहीं था।
ग्रामीणों के अनुसार गांव का ही राम सुमेर चमार (45) पुत्र स्व. रघुनाथ घर में घुसा और गड़ासे से सीमा पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। शोर सुनकर जब तक लोग पहुंचते, आरोपी फरार हो गया। सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में जुट गई।
इसी दौरान आरोपी के गांव के ही निकट प्राइमरी स्कूल के पास सरसों के खेत में पड़े होने की सूचना मिली। पुलिस उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। आरोपी ने जहर खाकर जान दी थी।
घटना के बाद मृतका के परिजनों और ग्रामीणों ने हंगामा किया। मृतका के दो बेटे विराट (12), वीरू (6)और एक बेटी काव्या (7) का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतका का पति राजेंद्र पुणे में रहकर नौकरी करता है। खबर लिखे जाने तक शव को पोस्टमार्टम के लिए नहीं भेजा जा सका। पुलिस मामले की जांच कर रही है।