पृथ्वीराज सिंह का सीनियर नेशनल वालीबाल टीम में हुआ चयन, जनपद में खुशी की लहर
वाराणसी में आयोजित 72वीं सीनियर राष्ट्रीय वॉलीबॉल चैंपियनशिप में पृथ्वीराज सिंह उत्तर प्रदेश की टीम का करेंगे प्रतिनिधित्व
रायबरेली – रायबरेली जनपद के सरेनी ब्लाक के रामपुर कला गाँव निवासी वालीबॉल खिलाड़ी पृथ्वीराज सिंह ने नए वर्ष में नई उपलब्धि हासिल कर क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। पृथ्वीराज सिंह का सीनियर नेशनल वालीबाल टीम में चयन किया गया है वह 04 जनवरी 2026 से 11 जनवरी 2026 तक डॉ संपूर्णानंद स्टेडियम, वाराणसी में आयोजित होने वाली 72वीं सीनियर राष्ट्रीय वॉलीबॉल चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश की टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे।
पृथ्वीराज सिंह के चयन पर उनके परिवारीजनों, शुभचिंतकों व गणमान्य व्यक्तियों ने शुभकामनाएं दी हैं। पृथ्वी राज सिंह होनहार वॉलीबॉल खिलाड़ी हैं जो अपने खेल के साथ-साथ पढ़ाई को भी उतनी ही गंभीरता से लेते हैं। वर्तमान में पृथ्वी केआईआईटी यूनिवर्सिटी से मास्टर्स कर रहे हैं और बीजू पटनायक इंडोर स्टेडियम में नियमित रूप से प्रैक्टिस करते हैं। 2018 में वॉलीबॉल की शुरुआत करने के बाद से उन्होंने लगातार मेहनत की है और अब तक तीन सीनियर स्टेट चैंपियनशिप खेल चुके हैं।
पिछले 5-6 सालों से पृथ्वी शिक्षा और खेल दोनों को साथ-साथ संभाल रहे हैं। सुबह कॉलेज की क्लासेस, शाम को स्टेडियम में प्रैक्टिस – यह उनकी रोजमर्रा की जिंदगी है। कड़ी मेहनत, लगन और मजबूत इरादों से पृथ्वी ने यह साबित किया है कि अगर लक्ष्य को पाने के लिए ईमानदारी से प्रयास किया जाए तो लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं।उत्तर प्रदेश वालीबॉल एसोसिएशन के महासचिव सुनील कुमार तिवारी ने चयन सूची जारी कर जानकारी दी।
महासचिव सुनील कुमार तिवारी ने बताया कि 72वीं राष्ट्रीय सीनियर वॉलीबाल चैम्पियनशिप (पुरुष/महिला) 04 से 11 जनवरी 2026, डॉ० सम्पूर्णानन्द स्टेडियम, वाराणसी में आयोजित हो रही है। महासचिव सुनील कुमार तिवारी ने कहाकि कहा कि मेहनत व लगन से किये गए हर कार्य में सफलता मिलती है। खेलों से न केवल शरीर स्वस्थ रहता है बल्कि अब इस क्षेत्र में रोजगार के भी काफी अवसर है। अच्छा खिलाड़ी कभी किसी का मोहताज नही होता। अगर खिलाड़ी में लगन है तो शिक्षा और खेलों में आसानी से तालमेल बनाया जा सकता है।
जिला वालीबॉल एसोसिएशन रायबरेली के संयुक्त सचिव अखिलेश प्रताप सिंह ने पृथ्वीराज सिंह को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि छात्रों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास करता है,बल्कि आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता भी विकसित करता है। टीम में चयन उनके समर्पण का प्रमाण है। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी खिलाड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करेंगे।
पृथ्वीराज सिंह की सफलता से और भी खिलाड़ियों को वालीबाल में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।युवाओं में खेल के प्रति उत्साह और प्रेरणा का माहौल देखा जा रहा है।
पृथ्वीराज सिंह के चयन पर रायबरेली, विजय शंकर सिंह, अध्यक्ष जिला वालीबॉल एसोसिएशन,रायबरेली, जिला वालीबॉल एसोसिएशन, रायबरेली कांग्रेस के जिला प्रवक्ता सिद्धार्थ त्रिवेदी, रायबरेली, अमित त्रिपाठी संयुक्त सचिव, डॉ भूपेंद्र सिंह कोषाध्यक्ष, अखिलेश प्रताप सिंह संयुक्त सचिव, सदस्य सर्टिफिकेट कमेटी, यू पी वालीबाल एसोसिएशन आदि ने पृथ्वीराज सिंह को शुभकामनाएं प्रेषित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।